मोहाली। लॉकडाउन में दुकानें बंद करवाने के नाम पर पुलिस कर्मियों की ओर से दुकानदारों को परेशान और गाली गलौच करने का मामला थम नहीं रहा है।
शनिवार को मामला सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह तक पहुंचने के बाद रविवार सुबह एक और वीडियो फेज-3ए जनता मार्केट का सामने आया है। यहां एक पीसीआर कर्मी ने पहले दुकानदार का सामान फैंका और फिर जबरदस्ती दूध का क्रेट उठा ले गया। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोनों मामलों में जिम्मेदार दो पीसीआर कर्मियों को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है।
इस मामले में विभागीय जांच शुरू कर दी गई है और दोनों ही सस्पेंड पुलिसकर्मियों का नाम जसबीर सिंह है। कुछ समय पहले ही दोनों की ड्यूटी उक्त एरिया में लगाई गई थी। डीएसपी सिटी-1 गुरशेर सिंह ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि सभी पुलिस कर्मियों को हिदायत दी गई है व्यापारियों को परेशान न किया जाए। मिली जानकारी के मुुताबिक कुछ दिनों से लगातार व्यापार मंडल को व्यापारियों की तरफ से शिकायतें मिल रही थीं कि शाम को दुकानें बंद करने के समय पुलिस कर्मी उन्हें आकर परेशान करते हैं। ग्राहकों के सामने पुलिस वाले उनसे गाली-गलौच करते हैं। इतना ही नहीं उनका सामान तक उठा ले जाते हैं। इसके बाद व्यापार मंडल के प्रधान विनीत वर्मा की तरफ से इस संबंधी शनिवार को सीएम और मोहाली डीसी को शिकायत की थी। घटना का वीडियो भी भेजा गया था। इसी बीच रविवार सुबह फेज-3ए की जनता मार्केट के एक दुकानदार ने पीसीआर कर्मी की हरकत के बारे में व्यापार मंडल को वीडियो भेजा था। इसके साथ ही अपने साथ हुई घटना का जिक्र किया था।
बता दें कि अमर उजाला ने पुलिस कर्मियों की ओर से दुकानदारों को तंग करने संबंधी मामले को रविवार के अंक में सर... व्यापारी आतंकी नहीं, उनके सम्मान का रखा जाए ख्याल शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। जिसमें बताया गया था कि व्यापारियों को पुलिस कर्मी कैसे तंग करते हैं।
तीसरी आंख ने पीसीआर कर्मी की खोली पोल
मिली जानकारी के मुताबिक दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के बारे में पीसीआर कर्मी को पता नहीं था। जबकि उसकी यह सारी कहानी कैमरे में कैद हो गई थी। वीडियो में साफ दिख रहा है कि एक पीसीआर कर्मी पीसीआर वैन में आता है। पहले वह दुकान के बाहर रखे सामान को फैंक देता है। इसके बाद दूध का क्रेट उठाकर ले जाता है। जबकि दुकानदार उसे इस तरह जबरदस्ती नहीं करने की अपील कर रहे थे। यह मामला ध्यान में आने के बाद व्यापार मंडल के प्रधान विनीत वर्मा ने तुरंत इस बारे में डीसी और एसएसपी को शिकायत दी थी। एसएसपी कुलदीप सिंह ने व्यापार मंडल को तुरंत उन्हें सस्पेंड करने के आदेश दिए हैं।
डीएसपी ने दुकानदारों से मिलकर जाना दर्द
मिली जानकारी के मुताबिक रविवार को जैसे ही यह मामला सामने आया। इसके बाद पुलिस और प्रशासन के अधिकारी तुरंत हरकत में आ गए। इसके बाद डीएसपी गुरशरण सिंह, थाना फेज-1 के एसएचओ मनफूल सिंह और पीसीआर इंचार्ज अजय पाठक ने फेज-2 और 3ए के दुकानदारों से मिलकर उनका दर्द जाना और साथ ही घटना का पूरा जायजा लिया। उनके साथ व्यापार मंडल के प्रधान विनीत वर्मा खुद मौजूद रहे। जिसके बाद इस संबंधी कार्रवाई की गई। व्यापार मंडल के प्रधान विनीत वर्मा ने कहा कि व्यापारियों को डरने की कोई जरूरत नहीं। वह उनके साथ हमेशा खड़े रहेंगे।
नोट खबर में अमर उजाला की छपी खबर का ईपीएस व वीडियो में दिख रहे पीसीआर कर्मी की फोटो प्रयोग करे। ईपीएस साथ भेजा जा रहा है।