लालड़ू। पंजाब सरकार के युद्ध नशे विरुद्ध अभियान के तहत लालड़ू पुलिस ने दो कथित नशा तस्करों को 12 किलो अफीम समेत गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान राजस्थान के जिला झालावाड़ निवासी दिनेश कुमार सुमन और रूप चंद के रूप में हुई है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर योगेश कुमार ने बताया कि झरमड़ी बस स्टॉप के पास गश्त के दौरान दोनों संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने लगे। तलाशी लेने पर दिनेश के बैग से 8 किलो और रूप चंद के पास से 4 किलो अफीम बरामद हुई। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया। अदालत ने आरोपियों को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।