जीरकपुर। पुलिस ने अलग-अलग जगह से दो परिवारों की शिकायत पर दो बच्चे लापता होने के आरोप में केस दर्ज किया है। इस मामले में पुलिस ने 346 के तहत केस दर्ज कर दोनों बच्चों की तलाश शुरू कर दी है। परिजनों ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके बच्चों को बंदी बना रखा है।
पुलिस को पहली शिकायत में सुमन देवी निवासी गांव महोली, रामपुर यूपी हाल निवासी गांव बिशनपुरा ने बताया कि उनके चार बच्चे हैं और इनमें से 12 वर्षीय बेटा कृष्णा गांव गाजीपुर के सरकारी स्कूल में पढ़ता है। वह खेलने के लिए घर से गया था जिसे कुछ बच्चों ने रात करीब साढ़े 8 बजे खेलते हुए देखा था। लेकिन इसके बाद वह घर वापस नहीं आया और उन्होंने उसकी आसपास बहुत तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला।
अपने बेटे की तलाश करते हुए उन्हें यह भी पता चला कि रॉयल एस्टेट के गेट नंबर दो के सामने दशमेश कॉलोनी में रहने वाली मुन्नी देवी पत्नी महेश सिंघानिया का भी 9 वर्षीय बेटा राघव ऊर्फ रोशन जो कि बिशनपुरा के सरकारी स्कूल में पहली क्लास में पढ़ता है, वह भी उसी दिन उसी समय से लापता है। दोनों परिवारों ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके बच्चों को अनजान जगह पर बंदी बनाकर रखा हुआ है। इस मामले में जीरकपुर पुलिस के जांच अधिकारी ने बताया कि दोनों परिवारों की शिकायत पर बच्चों के लापता होने की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।