दो कार आपस में टकराई, एक में आग लगी, सवार बचे
रविवार सुबह पांच बजे हुआ हादसा, दमकल विभाग ने बुझाई आग
संवाद न्यूज एजेंसी
जीरकपुर। रविवार सुबह पांच बजे एक सड़क हादसे में चंडीगढ़ नंबर की आई-20 कार में आग लग गई। गनीमत रही कि इस हादसे में सभी कार सवारों की जान बच गई। पुलिस के मुताबिक पटियाला चौक से कुछ ही दूरी पर एसबीआई बैंक के नजदीक दो कारें आपस में टकरा गईं।
बताया जा रहा है कि बनूड़ से जीरकपुर की और एक थार गाड़ी जा रही थी। उसके पीछे हरियाणा नंबर की बीएमडब्ल्यू और उसके पीछे चंडीगढ़ नंबर की आई-20 कार आ रही थी। अचानक ब्रेक लगने के कारण हरियाणा नंबर की बीएमडब्ल्यू के पीछे आई-20 कार ने टक्कर मार दी। इसके बाद जैसे ही कार चालक बाहर निकले तो आई-20 कार को अचानक आग लग गई। इसकी सूचना लोगों ने दमकल विभाग को दी और दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जायजा लिया। जांच अधिकारी ने बताया कि रविवार शाम सात बजे तक किसी भी व्यक्ति ने थाने में शिकायत दर्ज नहीं कार्रवाई और वह लोग अपनी कार भी खुद ही टो करके ले गए थे। अगर हमारे पास कोई शिकायत आती है तो केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।