मोहाली। केरल से पंजाब में सिर के बाल लगवाने पहुंचे एक व्यक्ति से चाकू दिखाकर 80 हजार रुपये लूट कर फरार होने वाले दो कैब चालकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ लूट का केस दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश कर यहां से तीन दिन के पुलिस रिमांड पर ले लिया है। गिरफ्तार कैब चालकों की पहचान जुवेर निवासी चंडीगढ़ और मनीष शर्मा निवासी जीरकपुर के रूप में हुई है।
इस मामले की जांच कर रहे मोहाली पुलिस के सहायक इंस्पेक्टर केवल सिंह बताया कि केरल निवासी स्वाद टिके बीते दिनों मोरिंडा में अपने सिर के बाल लगवाने पहुंचा था। इसके बाद वहां से ट्रीटमेंट लेकर 10 दिसंबर को वापस केरल जाने के लिए मोहाली इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचा था। लेकिन यहां पर टिकट कंफर्म न होने के कारण उसने यहां से दिल्ली एयरपोर्ट के लिए जुवेर की कैब बुक की थी। कैब चालक जुवेर दिल्ली ले जाने के बजाय उसे शहर के आसपास घुमाने लगा और अपने एक दोस्त कैब चालक मनीष को बुलाकर अपनी कैब में बैठा लिया। इसी दौरान दोनों केरल निवासी स्वाद टिके को आईटी सिटी में एक सुनसान जगह पर ले गए। यहां दोनों आरोपियों ने केरल निवासी की गर्दन पर चाकू रखकर उससे 80 हजार रुपये और मोबाइल फोन लूट लिए थे और इसके बाद स्वाद टिके को यहीं पर उतार कर फरार हो गए थे। स्वाद टिके की शिकायत के बाद पुलिस ने छानबीन कर आरोपी दोनों कैब चालकों को गिरफ्तार कर लिया है।