मोहाली। जगराते का भंडारा बनाने के लिए परिवार मंदिर से मांगकर बर्तन ले गया था। जब बर्तन लौटाने आए तो एक बाल्टी कम निकली। इस पर गुस्साए मंदिर कमेटी के सदस्यों ने दो भाइयों बुरी तरह पीटकर लहूलुहान कर दिया। दोनों भाई अपनी बहन के घर जगराते के कार्यक्रम में आए थे। लहूलुहान हालत में दोनों को फेज के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक के सिर में 12 टांके लगे हैं, जबकि एक को दो जगह टांके लगाए गए हैं। उन्होंने सोहाना थाना पुलिस में आरोपियों के खिलाफ मामले की शिकायत दी है।
घायल सोनू सिंह और मोहन सिंह निवासी डेराबस्सी ने बताया कि दोनों गांव संभालकी में बुधवार को बहन के घर जगराते के कार्यक्रम में गए थे। बहन ने भंडारे के लिए पास के एक मंदिर से बर्तन लिए थे। शाम को जब छोटा भाई मोहन सिंह भांजे के साथ मंदिर में सभी बर्तन लौटाने गया तो उसमें एक बाल्टी कम थी। इस पर मंदिर कमेटी ने उसे बाल्टी ढूंढकर लाने को कहा। जब उसने घर पर फोन कर बाल्टी के बारे में पूछा तो उन्हें भी कुछ नहीं पता था। इतने में मंदिर कमेटी के साथ उसकी बहस होने लगी। वह वहां अकेला था और मंदिर कमेटी के लोग अधिक थे। वह डर गया और बड़े भाई को फोन कर वहां बुलाया तो उन्हें समझाने की कोशिश की, परंतु वह उसके साथ भी बहस करने लगे। इस पर हुए विवाद के बाद सभी ने मिलकर दोनों भाइयों को बुरी तरह पीटा। वह लोग मंदिर से डंडे ले आए और सिर पर वार कर दिए। इसके बाद वह वहीं गिर गए। जब परिवार के लोग वहां आए तो उन्होंने दोनों को लहूलुहान हालत में फेज-6 के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। जहां घायल सोनू के सिर पर दो जगह टांके लगे हैं और मोहन के भी सिर में करीब 12 टांके लगे हैं।
झुलसा रोग की चपेट में आलू की फसल।