ड्राइवर ने गाड़ी रोकने के बजाय साइड मारकर भगाया, दयालपुरा चौक घेरा, चालक फरार
संवाद न्यूज एजेंसी
जीरकपुर। शराब से भरी जीप को पुलिस ने पीछा कर पकड़ा है। इसमें से चंडीगढ़ में बिकने वाली अंग्रेजी शराब की 205 पेटियां बरामद हुई हैं।
बताया जा रहा है कि यह शराब चंडीगढ़ से तस्करी कर लाई जा रही थी। फिलहाल पुलिस तस्कर जीप चालक को पकड़ने में नाकाम रही है। पुलिस ने शराब से भरी पंजाब नंबर की बुलेरो जीप व बरामद शराब कब्जे में लेकर एक्साइज एक्ट के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी देते हुए जांच अधिकारी निर्मल सिंह ने बताया कि बुधवार को रात वह पुलिस के साथ पटियाला चौक पर मौजूद थे। इस दौरान चंडीगढ़ से आ रही एक महिंद्रा पिकअप जीप लाइट प्वाइंट से पटियाला रोड की ओर मुड़ी, जिसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह नहीं रुका और गाड़ी भगा ली।
पुलिस ने गाड़ी का पीछा किया और गाड़ी साइड लगाने का इशारा किया, लेकिन ड्राइवर ने गाड़ी रोकने के बजाय साइड मारकर गाड़ी और तेज भगा लिया। जिसका पीछा करते हुए दयालपुरा चौक पर उसे घेर लिया, लेकिन जीप चालक गाड़ी वहीं छोड़ फरार हो गया। जब पुलिस ने जीप को चेक किया तो उसने चंडीगढ़ में बिकने वाली स्टार 999 फॉर सेल इन चंडीगढ़ की 205 पेटियां बरामद कीं। पुलिस ने अज्ञात जीप चालक के खिलाफ शराब तस्करी के आरोप में एक्साइज एक्ट के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।