मोहाली। एयरपोर्ट रोड पर रविवार शाम टिप्पर ने बाइक सवार दो लोगों को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोग घायलों को अस्पताल लेकर पहुंचे, डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतक संजू (37) निवासी गांव तंगोड़ी और कुंवर पाल (43) निवासी बलौंगी थे। सोमवार को फेज-6 स्थित सिविल अस्पताल में शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया।
परिजनों के अनुसार संजू और कुंवर पाल एयरपोर्ट चौक के पास अलग-अलग स्थानों पर चाय की ठेली लगाते थे। शनिवार शाम दोनों मोटरसाइकिल पर दुकान के लिए जरूरी सामान लेने निकले थे। सामान लेकर लौटते समय एयरपोर्ट चौक के पास पीछे से टिप्पर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टिप्पर दोनों को कुचलता आगे निकल गया, इससे वे सड़क पर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस बुलाई गई और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और टिप्पर चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने टिप्पर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि चालक की लापरवाही सामने आने पर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
दो दिन पहले भी टिप्पर से हुई थी मौत
दो दिन पहले भी सेक्टर-82 एयरपोर्ट रोड पर हाउसिंग सोसाइटी के सामने हादसा हुआ था। इसमें पंजाब नेशनल बैंक से लौटते समय पीछे से तेज रफ्तार में आए एक टिप्पर ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी थी। इसमें दादा काली चरण की घटनास्थल पर ही मृत्यु घोषित की गई थी जबकि उनके साथ बैठा ढाई साल का पोता गंभीर रूप से घायल हो गया था।