मोहाली। फेज-2 स्थित मार्केट में पार्किंग की समस्या दिन-प्रतिदिन गंभीर होती जा रही है। सुबह से लेकर शाम तक बाजार में आने वाले ग्राहकों और दुकानदारों को वाहन पार्क करने के लिए जगह नहीं मिल पा रही है। स्थिति यह है कि टू-व्हीलर और कारें सही ढंग से खड़ी नहीं हो पातीं, जिससे बाजार में लगातार अव्यवस्था बनी रहती है। मार्केट में पार्किंग के लिए न तो पर्याप्त स्थान चिन्हित है और न ही नगर निगम द्वारा लाइनिंग करवाई गई है। बिना निर्धारित लाइनों के वाहन इधर-उधर खड़े किए जाते हैं, जिससे अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। इससे न सिर्फ ग्राहकों को परेशानी होती है बल्कि दुकानदारों का कारोबार भी प्रभावित हो रहा है।
मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान नितेश विज ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार नगर निगम को लिखित रूप में अवगत कराया जा चुका है, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। दुकानदार अशोक शर्मा और मोहित सहित अन्य व्यापारियों ने कहा कि पार्किंग की अव्यवस्था के कारण ग्राहक बाजार में आने से कतराने लगे हैं, जिससे रोज़ाना की बिक्री पर सीधा असर पड़ रहा है। दुकानदारों का कहना है कि यदि नगर निगम द्वारा मार्केट में टू-व्हीलर और कार पार्किंग के लिए स्पष्ट लाइनिंग करवा दी जाए तो काफी हद तक समस्या का समाधान हो सकता है। व्यापारियों ने नगर निगम से मांग की है कि जल्द से जल्द इस ओर ध्यान दिया जाए, ताकि बाजार में सुचारू यातायात व्यवस्था बनी रहे और लोगों को राहत मिल सके।