खरड़। खरड़-मोरिंडा रोड पर स्थित भागोमाजरा टोल प्लाजा के पास निजी बस की चपेट में आने से दो बाइक सवारों महीपाल व जगत सिंह की मौत हो गई। मृतक जगत सिंह के भाई मनोज कुमार ने पुलिस को बताया कि वे उत्तर प्रदेश के निवासी हैं। इस समय वह गांव दाऊंमाजरा में रह रहे हैं और मजदूरी करते हैं।
मनोज कुमार ने पुलिस को बताया कि उसका भाई जगत सिंह तथा एक अन्य साथी महीपाल अपनी बाइक पर काम के सिलसिले में गांव भागोमाजरा आए थे। शाम लगभग साढे़ सात बजे के जब वह वापस घर आ रहे थे तो भागोमाजरा टोल प्लाजा के पास खरड़ की ओर से जा रही एक तेज रफ्तार निजी बस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। इस दुर्घटना में दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर हालात में उन्हें राहगीरों ने सरकारी अस्पताल खरड़ पहुंचाया, जहां महीपाल की मौत हो गई। दूसरे घायल जगत सिंह को प्राथमिक चिकित्सा देकर पीजीआई चंडीगढ़ के लिए रैफर कर दिया गया, जहां उसकी भी इलाज के दौरान मौत हो गई। बता दें कि दोनों मृतकों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं लगाया हुआ था। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। घंडूंआं पुलिस ने इस संबंधी अज्ञात बस चालक के खिलाफ धारा 279,304 ए तथा 427 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।