फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mohali News: जीरकपुर में फायरिंग कर ज्वैलरी शॉप से गहने लूटने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

विज्ञापन
विज्ञापन
मोहाली/जीरकपुर। गांव लोहगढ़ में दिव्या ज्वैलर्स शॉप में फायरिंग कर गहने लूटने की वारदात को अंजाम देने वाले दोनों लुटेरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस लूट की वारदात को कुख्यात गैंगस्टर गगनदीप सिंह उर्फ फौजी ने अपने साथी राहुल वैद निवासी अंबाला के साथ मिलकर 14 अक्तूबर को अंजाम दिया था। राहुल वैद को पंचकूला क्राइम ब्रांच ने पिंजौर से गिरफ्तार किया है और मोहाली पुलिस उसे प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ करेगी।
विज्ञापन


इस मामले से जुड़े तीसरे लुटेरे को जीरकपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जिसने लूट की वारदात के बाद आरोपी फौजी और राहुल वैद को कार में बैठाकर भगाने में मदद की थी। आरोपी की पहचान महेश शर्मा निवासी गांव बरनाला, जिला अंबाला, हरियाणा के रूप में हुई है। इन तीनों आरोपियों से .32 बोर व 30 बोर के दो पिस्टल, 22 कारतूस और वारदात में इस्तेमाल किया गया हरियाणा नंबर का सप्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुआ हैं। गैंगस्टर फौजी मूलरूप से जिला मानसा के गांव मुड़तसैदेवाला का रहने वाला है। वह कुछ समय से जीरकपुर में शिवालिक विहार में रह रहा था। आरोपियों के खिलाफ जीरकपुर थाने में लूट और आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज हुआ था। दोनों आरोपी दो दिन के पुलिस रिमांड पर हैं।

गैंगस्टर गगनदीप सिंह उर्फ फौजी के खिलाफ पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के अलग-अलग थानों में 10 के करीब संगीन मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, डकैती, फिरौती और अवैध हथियार संबंधी मामले दर्ज हैं। फौजी के खिलाफ 6 अप्रैल 2024 को पिंजौर थाने में आईपीसी की धारा 148, 149, 452, 386, 36ए और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था। इस मामले में गैंगस्टर फौजी को पुलिस ने मोस्ट वांटेड करार देते हुए उस पर इनाम भी घोषित किया था।
विज्ञापन


हत्या के लिए चाहिए थे हथियार, इसलिए फौजी ने लूटी थी ज्वैलरी शॉप

आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ है कि गैंगस्टर फौजी रोहतक (हरियाणा) के कुक्की गैंग के साथ मिलकर काम करता था। शनिदेव उर्फ कुक्की गैंग की पानीपत (हरियाणा) के पंपू गैंग से पुरानी रंजिश है। दोनों गैंग में लंबे समय से गैंगवार चलता आ रहा है। गैंगस्टर फौजी ने पंपू गैंग के राजेश पंपू की हत्या करनी थी। उसकी हत्या के लिए गैंगस्टर फौजी को बढिया हथियार खरीदने थे, जिसके लिए उसे पैसों की जरूरत थी। उसने अपने साथी राहुल वैद के साथ मिलकर 14 अक्तूबर को लोहगढ़ जीरकुपर में दिव्या ज्वैलर्स पर लूट की वारदात को अंजाम दिया और उन पैसों से ऑटोमैटिक हथियार खरीदकर लाया था। लोहगढ़ में वारदात के दौरान आरोपी चोरी की बाइक पर आए थे, जो वारदात के बाद वहीं छोड़ गए थे। दोनों आरोपियों का उनका तीसरा साथी महेश शर्मा वरना कार लेकर गांव भबात में इंतजार कर रहा था। बाद में तीनों वहां से फरार हो गए थे।

पुलिस पकड़ने आई तो राहुल वैद ने चढ़ाई कार

फौजी को पुलिस ने पहले पकड़ लिया था। उसने अपने साथी राहुल वैद का पंचकूला के पिंजौर में ठिकाना बताया। जीरकपुर पुलिस ने राहुल वैद को पकड़ने के लिए पंचकूला क्राइम ब्रांच के साथ मिलकर साझा ऑपरेशन चलाकर पिंजौर में रेड की। इस दौरान राहुल वैद ने अपनी वरना कार क्राइम ब्रांच पंचकूला के पुलिस कर्मचारी पर चढ़ा दी थी। क्राइम ब्रांच टीम ने उसे गिरफ्तार किया और उसके खिलाफ पिंजौर थाने में केस दर्ज किया। मोहाली पुलिस उसे प्रोडक्शन वारंट पर मोहाली लाएगी।

कुक्की गैंग के भाई की पंपू गैंग ने की थी हत्या, इसलिए फौजी ने लेना था बदला

फौजी ने पूछताछ में खुलासा किया उसके रोहतक (हरियाणा) के शनिदेव उर्फ कुक्की गैंग से संबंध हैं। वर्ष 2013 में राकेश पंपू निवासी गांव शिवाह पानीपत हरियाणा जो कि कि पंपू गैंग ऑपरेट करता था ने कुक्की गैंग के सरगना शनिदेव के भाई सुखविंदर नरवाल का रोहतक में कत्ल करवा दिया था। सुखविंदर नरवाल गैंगस्टर गगनदीप सिंह उर्फ फौजी का अच्छा दोस्त था। फौजी ने सुखविंदर नरवाल की हत्या का बदला लेने के लिए वर्ष 2017 में राजस्थान की कोटा बूंदी अदालत में पेशी पर आए राकेश पंपू पर फायरिंग कर दी थी। लेकिन इस हमले में राकेश पंपू बच गया था और गैंगस्टर फौजी के खिलाफ राजस्थान में बूंदी थाने में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज हुआ था।
फौजी ने नयागांव में की थी मैंडी की हत्या

इसी तरह वर्ष 2018 में कुक्की गैंग के गुर्गे रिशू की हत्या राकेश पंपू गैंग ने कर दी थी। इसकी मुखबरी सैंडी नाम के व्यक्ति ने करके राकेश पंपू गैंग को सूचना दी थी। गैंगस्टर फौजी ने इस कत्ल का बदला लेने के लिए अपने साथी मीते और शीले के साथ मिलकर नयागांव मोहाली में मैंडी की गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। उसके खिलाफ नयागांव थाने में हत्या का केस दर्ज हुआ था।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें