मोहाली। एंटी नारकोटिक्स टॉस्क फोर्स (एएनटीएफ) की पुलिस पार्टी ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.200 किलोग्राम हेरोइन सहित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार मुख्य आरोपी की पहचान रोहित निवासी न्यू क्रिश्चियन कॉलोनी, बटाला के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके एक अन्य साथी को भी मौके से काबू किया है, जिसकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एएनटीएफ टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी भारी मात्रा में हेरोइन लेकर क्षेत्र में पहुंचने वाले हैं। सूचना के आधार पर टीम ने विशेष नाकाबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 1.200 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई। इस संबंध में थाना एएनटीएफ मोहाली में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21/61/85 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि यह मामला एएसआई दिलदार सिंह के बयान के आधार पर दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि हेरोइन की सप्लाई चेन और अन्य तस्करों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। अधिकारियों का कहना है कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।