मोहाली/खरड़। खरड़ फ्लाईओवर पर हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस पर हमला करने के मामले में खरड़ पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान हरदीप सिंह निवासी गांव कोटला निहंग जिला रोपड़ और गगनदीप सिंह निवासी गांव जंडवाला भीमेशाह जिला फाजिल्का के रूप में हुई है।
आरोपी हरदीप इस समय गांव बल्लोमाजरा मोहाली और गगनदीप सिंह निवासी टीडीआई सिटी में रहता था। पुलिस ने आरोपियों की टैक्सी भी बरामद कर ली है। आरोपी वारदात करने के बाद फरार हो गए थे। दोनों दो दिन के पुलिस रिमांड पर हैं। डीएसपी कर्ण संधू ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 126(2), 324(4), 3(5), 351(2) व प्रीवेंशन ऑफ डैमेज टू पब्लिक प्रॉपर्टी एक्ट 1984 की धारा 3 के तहत मामला दर्ज किया गया था। आरोपियों को ह्यूमन एंगल व टेक्निकल टीमों की मदद से गिरफ्तार किया गया।
कुछ दिन पहले कुल्लू जिले से पंजाब से आ रहे श्रद्धालुओं की बाइकों पर आपत्तिजनक झंडे लगे थे। उनको वहां उतरवा दिया गया था। इस बात पर दोनों राज्यों के बीच लगातार विवाद गहरा गया था। इसी क्रम में पिछले मंगलवार को पंजाब के होशियारपुर में भिंडरावाले के समर्थकों ने हिमाचल रोडवेज की बसों और निजी बसों में भिंडरावाला के फोटो चस्पा कर दिए। इसके बाद यह मामला हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र में भी गूंजा है। पूर्व सीएम जयराम ठाकुर ने इस पर सरकार पर सवाल उठाए थे।
18 मार्च की देर शाम लगभग साढ़े छह बजे हिमाचल प्रदेश की हमीरपुर डिपो की बस (एचपी 67 ए-1321) पर अज्ञात लोगों ने हमला कर तोड़फोड़ कर दी थी। इस घटना से बस में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया था। बस चंडीगढ़ से हिमाचल के हमीरपुर जा रही थी। रोडवेज की बस चंडीगढ़ के सेक्टर-43 स्थित आईएसबीटी से चली थी।
खरड़ के पास कार सवार हमलावरों ने बस पर डंडों से हमला किया था। बस में सवार यात्रियों को किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचा था। इसके बाद दोनों युवक कार में सवार होकर कुराली की तरफ भाग निकले थे। चालक व परिचालक के मुताबिक हमलावरों की कार के दोनों नंबर प्लेट टेप से ढके थे।