कुराली। मोरिंडा रोड से वार्ड नंबर 9 और 12 को जाने वाली गली में अज्ञात झपटमारों ने एक महिला की सोने की चेन छीनने की कोशिश की, लेकिन महिला ने झपटमारों का दिलेरी से मुकाबला किया और शोर सुनकर लोग इकट्ठा हुए तो झपटमार भाग निकले।गुरमुख सिंह ने बताया कि उनकी पत्नी जसवीर कौर अपनी बेटी के साथ बाजार गई थी। जब वह वापस आ रही थी तो बिना नंबर प्लेट की बाइक पर दो युवक उनके आगे से निकले और फिर कुछ देर बाद ही वापस उनकी तरफ आए और एक युवक ने उनके गले से सोने की चेन छीनने की कोशिश की, लेकिन जसवीर कौर ने चेन को पकड़ लिया और उसकी लड़की ने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर आसपास के घरों के लोग बाहर निकले तो दोनों झपटमार भाग गए। गुरमुख सिंह ने बताया कि झपटमारों से मुकाबला करते हुए जसवीर कौर को कुछ चोटें भी आई हैं, लोगों ने पुलिस प्रशासन से झपटमारों को पकड़ने की अपील की है। वहीं, थाना सिटी के एसएचओ गगनदीप सिंह ने कहा कि उन्हें इसकी शिकायत मिली है। वह मोहल्ले में लगे सीसीटीवी कैमरे चेक करेंगे और जल्द ही झपटमारों को काबू कर लिया जाएगा।