मोहाली। कोरोना की वजह से जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि देने के लिए शनिवार सुबह 11 से 12 बजे तक मौन रखा जाएगा। इस दौरान सड़कों पर आवाजाही भी बंद रहेगी। एडीसी आशिका जैन ने बताया कि मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कुछ दिन पहले इस संबंधी एलान किया था। हर शनिवार को यह कार्यक्रम होगा।
एडीसी आशिका जैन ने लोगों से अपील की है कि वह इस संबंधी प्रशासन का सहयोग करें। जानकारी के मुताबिक मोहाली जिले में अब तक 25 हजार से अधिक कोरोना के मामले सामने आ चुके हैं, जबकि 419 लोगों की मौत हुई है। जिले में सायरन बजाकर मौन धारण करने और समाप्त करने संबंधी बताया जाएगा। इसके साथ ही जिले के सभी पंचों और सरपंचों से अपील की गई है कि वह कोरोना से जान गंवाने वालों के बारे में क्षेत्रवासियों को बताएं और मौन धारण करवाकर उन्हें श्रद्धांजलि भेंट करें। इसे अलावा मौन के दौरान सड़क पर आवाजाही करने से भी बचें। जिक्रयोग है कि कोरोना बढ़ने के चलते जिले में रात्रि कर्फ्यू लगा दिया गया है। किसी भी तरह के सामाजिक, राजनीतिक व धार्मिक समागम करवाने पर रोक है। अंतिम संस्कार और शादी में 20 से ज्यादा लोगों को शामिल होने की अनुमति नहीं है। इतना ही नहीं घरों में भी 10 से ज्यादा लोग बुलाने की मनाही है।