मोहाली। पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर कॉमेडी कलाकार डॉ. जसविंदर सिंह भल्ला को ट्रैकिंग क्लब मोहाली ने श्रद्धांजलि दी है। इस दौरान क्लब के सदस्यों ने कहा कि भल्ला जैसे कलाकार का मिलना बेहद मुश्किल है। उनके जाने से फिल्म जगत को जो नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई संभव नहीं है। क्लब के प्रधान गुरदेव सिंह चौहान ने कहा कि डॉ. भल्ला ने अपने खास अंदाज से पंजाबी सिनेमा में हास्य अभिनय को नई पहचान दी। उनकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी। शोक बैठक में पार्षद प्रमोद कुमार मित्रा, एडवोकेट महादेव सिंह, राजिंदर सिंह चाहल, प्रेम चंद, अमरजीत सिंह, समाजसेवी नवजोत सिंह बाछल, मनमोहन सिंह, गगनदीप सिंह गैरी, महेश कुमार, अमरीक सिंह गिल सहित कई अन्य सदस्य मौजूद रहे।