जीरकपुर। शहर में लगातार बढ़ रही ट्रैफिक समस्याओं और सड़क हादसों की आशंका को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने बुधवार को विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान तहसील रोड, पटियाला चौक और सिंहपुरा चौक सहित प्रमुख मार्गों पर सघन जांच की गई, जिसमें 100 से अधिक वाहनों के चालान काटे गए।
अभियान के दौरान गलत पार्किंग, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, गलत दिशा में वाहन चलाने, ओवरस्पीडिंग और दस्तावेजों की कमी जैसे मामलों में कार्रवाई की गई। पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को मौके पर ही रोका और उन्हें यातायात नियमों की जानकारी भी दी। कई स्थानों पर सड़क किनारे अव्यवस्थित रूप से खड़े वाहनों को हटवाया गया, जिससे यातायात व्यवस्था को सुचारु किया जा सके।
ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन कई लोग यातायात नियमों की अनदेखी कर रहे हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। इसी को देखते हुए विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस तरह के अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।