फेज-10 के प्राइवेट स्कूल की बस में सवार बच्चे, चालक बोला – आरटीओ ऑफिस में 10 हजार रुपये देकर लिया था नंबर
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। मोहाली में एक प्राइवेट स्कूल बस का चालक नियम तोड़ते हुए पकड़ा गया। बस पर मोटरसाइकिल का नंबर लगाया गया था और उसमें बच्चे सवार थे। ट्रैफिक पुलिस ने चालक को पकड़ा और बस को जब्त कर लिया।
मंगलवार को फेज-70-71 के लाइटों पर स्कूल बस ने रेड लाइट क्रॉस की। ट्रैफिक पुलिस ने बस रोककर कागजात मांगे। चालक ने कोई कागजात नहीं दिखाए। जब बस पर लगे नंबर की जांच की गई, तो पता चला कि यह सप्लेंडर मोटरसाइकिल का नंबर था।
चालक ने बताया कि बस यूपी से लाई गई थी और पंजाब का नंबर लेने के लिए उसने मोहाली आरटीओ ऑफिस में एजेंट को 10 हजार रुपये दिए थे। एजेंट ने उसे स्लिप दी थी और चालक ने बस पर यूपी का नंबर हटाकर यह नंबर लगा दिया। उसे नहीं पता था कि नंबर मोटरसाइकिल का है। पुलिस ने बस को जब्त कर असली कागजात लाने के लिए मालिक को कहा।
पिछले मामलों का संदर्भ
इससे पहले मोहाली आरटीओ एजेंट सुखविंदर सिंह के खिलाफ 7 अप्रैल 2025 को विजिलेंस द्वारा छापेमारी की गई थी। एजेंट पर ड्राइविंग लाइसेंस देने और टेस्ट पास कराने के बदले रिश्वत लेने का आरोप था। इस कार्रवाई में 24 लोग गिरफ्तार हुए और 16 एफआईआर दर्ज की गई।
सुखविंदर की गिरफ्तारी के बाद मोहाली आरटीओ प्रदीप ढिल्लों को भी मामले में नामजद किया गया था। ढिल्लों को जब पता चला कि उन्हें नामजद किया गया है, तो वह फरार हो गया।