मोहाली। वीआईपी शहर के अलग-अलग हिस्सों में स्थित ट्रैफिक लाइट्स चौक पर होने वाले हादसों पर लगाम लगने वाली है। इन पर लगाम लगाने का काम नगर निगम व गमाडा मिलकर करेंगे। दोनों ने इस पर काम करना शुरू कर दिया है। इस समय शहर में बिजली कट के दौरान ट्रैफिक लाइट्स पर बैकअप की सुविधा न होने से वे बंद हो जाती है। इसके बाद ट्रैफिक बिना किसी निर्देशों के चलने लगता है और ऐसी स्थिति में लोग हादसों का शिकार होते हैं।
प्रशासन ने आवाजाही पर नियंत्रण करने के लिए जगह-जगह ट्रैफिक लाइट्स लगाई लेकिन इनमें लाइट जाने के बाद बैकअप की कोई सुविधा का इंतजाम नहीं था। इसका असर यह हुआ कि बिजली कट के दौरान हुए हादसों में कई बेकसूर लोगों की जान तक चली गई।
तीस लाख से लाइटों पर लगाई जाएगी बैटरी
शहरवासियों से मिलने वाली शिकायतों के बाद नगर निगम के उच्चाधिकारियों की एक बैठक हुई। इसमें ट्रैफिक लाइट्स बंद होने की वजह से होने वाले हादसों को लेकर विचार किया गया। इसके बाद ट्रैफिक लाइट्स को चौबीस घंटे सक्रिय रखने के लिए सुझाव मांगे गए। इसके बाद प्रस्ताव बनाकर हाउस में पेश किया जिसे मंजूरी मिल गई। प्रस्ताव यह है कि ट्रैफिक लाइट्स पर बैकअप की सुविधा के लिए बैटरियां इंस्टाल की जाएंगी ताकि बिजली कटौती के समय ट्रैफिक लाइट्स बंद न हों और इस पूरे प्रोजेक्ट के लिए नगर निगम ने करीब 30 लाख रुपये के फंड को मंजूरी दी है। निगम द्वारा इस पर तेजी से काम किया जा रहा है और सब कुछ अगर ठीकठाक रहा तो आने वाले दिनों में इस पर काम शुरू हो जाएगा।
क्या कहते हैं अधिकारी
निगम द्वारा 30 लाख रुपये के फंड को मंजूरी दी गई है। इससे ट्रैफिक लाइट्स पर बैटरियां लगाई जाएंगी। काम पूरा होने के बाद बिजली न होने की सूरत में भी ट्रैफिक लाइट्स चौबीस घंटे चालू रहेगी। -कमल कुमार गर्ग, कमिश्नर, नगर निगम मोहाली
लंबे समय से मिल रही शिकायतों के बाद एक पत्र नगर निगम और गमाडा को लिखा गया था। इसमें ट्रैफिक लाइट्स को बिजली कटौती के समय पर चालू स्थिति में रखने की मांग की थी। -सुखविंदर कुमार, आरटीए, मोहाली