जीरकपुर। सोमवार को अजीजपुर टोल प्लाजा पर किसान महिला दिवस मनाया गया। इस दौरान कृषि कानूनों के विरोध में अजीजपुर टोल प्लाजा से लेकर बनूड तक ट्रैक्टर मार्च निकाला गया। इस मौके पर पुआधी कलाकार गुरमीत सिंह रोडा सोहाना ने अखाड़ा लगाया। इसमें उन्होंने किसानों के पक्ष में गीत गाए और किसानों का हौसला बढ़ाया। इस मौके पर बड़ी संख्या में महिलाओं ने टोल प्लाजा पर हाजिरी लगवाई और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
उन्होंने केंद्र सरकार की ओर से पास किए कानूनों का बहिष्कार करते हुए सरकार को चेतावनी दी कि कानूनों को रद्द करवाए बिना संघर्ष खत्म नहीं करेंगे। इस मौके भारतीय किसान यूनियन एकता सिधुपुर मोहाली के ब्लॉक प्रधान लखविंदर सिंह कराला ने सभी का धन्यवाद करते हुए 26 जनवरी को ज्यादा से ज्यादा संख्या में दिल्ली पहुंचने की अपील की।
ट्रैक्टर मार्च की अगुवाई भाकियू सिधुपुर मोहाली के सीनियर मीत प्रधान किरपाल सिंह स्याऊ और भाकियू डकोंदा मोहाली के प्रधान जगजीत सिंह कराला ने की। इस मौके पर भजन सिंह, अमरीक सिंह कराला, पूर्व फौजी साधू सिंह भूड़ा, प्रेम सिंह फौजी प्रधान बनूड, दविंदर सिंह बनूड, परमजीत सिंह कराला, सुखा सिंह, मिस्त्री दियाल सिंह बनूड, जगमाल सिंह फौजी समेत बड़ी संख्या में किसान और पूर्व फौजी शामिल थे।