जीरकपुर। भारत भ्रमण पर आए एक जापानी नागरिक के साथ जीरकपुर में ठहराव के दौरान लाखों की चोरी का मामला सामने आया है। इस संबंध में नई दिल्ली के चाणक्यपुरी थाने में दर्ज जीरो एफआईआर को अब कार्रवाई के लिए जीरकपुर थाना जिला (मोहाली) को ट्रांसफर कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार जापान के चिबा प्रांत निवासी 24 वर्षीय मासाकी शिंतानी 18 अक्तूबर 2025 को पर्यटन के उद्देश्य से भारत आए थे। 28 अक्तूबर को वह इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरे, जहां उनकी मुलाकात द्विपज्योति रॉय नामक युवक से हुई। बाद में दोनों संयोगवश चंडीगढ़ जाने वाली ट्रेन में फिर मिले और जान-पहचान बढ़ी।
द्विपज्योति रॉय ने मासाकी को जीरकपुर स्थित मेट्रो ट्रेड सेंटर के एयरबीएनबी रूम नंबर 518 में चाय पर बुलाया। शिकायत के मुताबिक रात को नींद आने के बाद मासाकी एयरबीएनबी रूम में सो गए। अगली सुबह 29 अक्तूबर को करीब 7 बजे जागने पर उन्होंने पाया कि उनका आईफोन 16, आईपैड एयर, क्रेडिट कार्ड और पांच हजार रुपये नकद बैग से गायब थे। द्विपज्योति रॉय भी वहां नहीं था। उन्होंने होटल रिसेप्शन से संपर्क किया और सीसीटीवी फुटेज भी देखी, लेकिन होटल स्टाफ ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराने में कोई मदद नहीं की। इसके बाद मासाकी दिल्ली लौटे और जापान दूतावास की सलाह पर चाणक्यपुरी थाने में शिकायत दी।
पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 303(2) के तहत जीरो एफआईआर दर्ज की। घटना जीरकपुर क्षेत्र की है, इसलिए केस को आगे की जांच के लिए एसएसपी मोहाली को भेज दिया गया था। जीरकपुर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।