लांडरां। कृषि विभाग और किसान भलाई विभाग के मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. जयेश कुमार की देखरेख में किसानों को कुंगी से गेहूं की फसल बचाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही फसल में लगने वाली पीली कुंगी की बीमारी और चेपे के हमले का ध्यान रखने की सलाह दी।
इस अवसर पर कृषि विभाग के डॉक्टर गुरबचन सिंह अफसर ब्लॉक माजरी ने गेहूं की फसल का निरीक्षण करते हुए बताया कि यह मौसम गेहूं की फसल में संक्रमण और अन्य बीमारियों को फैलाने के अनुकूल है। इसलिए किसानों को रोजाना फसल का निरीक्षण करते रहना चाहिए।
इस दौरान उन्होंने कहा कि गेहूं की फसल में दाने भरते समय अधिक तापमान से बचाने के लिए और फसल का झाड़ बढ़ाने के लिए पोटेशियम नाइट्रेट या 15 ग्राम सैलीसाईलिक ईथाइल को साढ़े 400 मिलीलीटर इथाइल एल्कोहल में घोलने के बाद 200 लीटर पानी में मिलाकर प्रति एकड़ के हिसाब से छिड़काव किया जाना चाहिए। इस अवसर पर सविंदर कुमार एटीएम और किसान मौजूद थे।