पीरमुछल्ला (जीरकपुर): पीरमुछल्ला में नगर काउंसिल की ओर से अंदरूनी सड़कों पर टाइल्स लगाने का काम शुरू कर दिया गया है। लंबे समय से यहां की सड़कों की खस्ता हालत के कारण स्थानीय लोग मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। बारिश होने पर यहां की सड़कों पर कीचड़ होने से ज्यादा दिक्कत होती थी। लेकिन नगर काउंसिल अधिकारी लोगों की मुश्किलों की तरफ ध्यान नहीं दे रहे थे।
कांग्रेस के नेता गुरसेवक सिंह पुनिया ने कहा कि रॉयल एस्टेट-2 से निर्मल टॉवर और चिनार अपार्टमेंट्स से त्रिशला प्लस सिटी को जोड़ने वाली सड़कें लंबे समय से खस्ता हालत में हैं और बरसात के दौरान गड्ढों में तबदील हो चुकी सड़क पानी से भर जाती हैं। इस कारण यहां से गुजरने वाले लोगोें को पानी के बीच से निकलते हुए सड़क पर बने गड्ढों का पता नहीं लगता था और लोग हादसे का शिकार हो रहे थे। गुरसेवक ने कहा कि क्षेत्र में अब तक तारकोल की सड़क बनाने का काम होता था, जो भारी वाहनों की आवाजाही से जल्दी ही टूट जाती थी। इससे लोगों को परेशानी होती थी। सड़कें जल्दी टूटने का एक कारण यह भी था कि यहां बरसात के पानी की निकासी नहीं होने से पानी सड़कों पर लंबे समय तक जमा रहता था और कंक्रीट की सड़कों टूट जाती थी।
हाईकमान तक पहुंचा मामला तो हरकत में आए अधिकारी
कांग्रेस के नेता गुरसेवक सिंह ने बताया कि गड्ढों में तबदील हो चुकी सड़कों की वजह से करीब 2 दर्जन से अधिक सोसाइटी के लोग आवाजाही को लेकर भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। पिछले दिनों लोगों के यहां बुलाने पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपिंदर सिंह ढिल्लों यहां पहुंचे और सोसाइटी के लोगों ने उन्हें एक के बाद एक अपनी समस्याएं बताना शुरू कर दी।
वहीं दूसरी ओर मौके पर मौजूद काउंसिल के सीनियर अफसरों को कांग्रेस के नेता ढिल्लों ने जमकर फटकार लगाई और लोगों की परेशानियों को समाधान तुरन्त करने के आदेश दिए थे। गुरसेवक ने बताया कि मंगलवार को ठेकेदार के नेतृत्व में कर्मचारियों की एक टीम रॉयल एस्टेट-2 के पास पहुंची, जिसने सड़क पर टॉइल्स बिछाने के लिए काम शुरू कर दिया। इस मौके पर अलग-अलग सोसाइटी के धरमवीर चौधरी, गगनदीप सिंह, रसल राणा, संजीव चौहान, संदीप, सुधीर, गगन, राजीव, निर्भय सिंह, जसबीर सिंह, प्रेम कुमार आदि लोग मौजूद थे।