खरड़। खरड़-बस्सी पठाना पर गांव मलिकपुर के पास खरड़ के सीवरेज के पानी के तेज बहाव से बही सड़क की तुरंत मरम्मत करवाने व खरड़ शहर के सीवरेज के गंदे पानी का पक्के तौर पर हल करने के लिए पंजाब के तकनीकी शिक्षा मंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के आवास पर बैठक हुई। बैठक में डीसी गरीश दयालन, एसडीएम खरड़ हिमांशू जैन व नगर काउंसिल खरड़ के ईओ कुलबीर सिंह बराड़ समेत ड्रेनेज, सीवरेज बोर्ड तथा वन विभाग के अधिकारी शामिल हुए।
केबिनेट मंत्री ने संबंधित विभाग को निर्देश दिए कि सीवरेज के पानी के तेज बहाव में बही सड़क को तुरंत ठीक करवाया जाए ताकि लोगों को कोई परेशानी न हो। हलका श्री चमकौर साहिब के गांवों में जो खरड़ शहर का गंदा पानी किसानों के खेतों में जमा हुआ है उसका भी हल करवाया जाएगा। चरणजीत सिंह चन्नी ने नगर काउंसिल के ईओ को निर्देश दिए कि वह शहर से निकलने वाले सीवरेज के गंदे पानी की निकासी अंडरग्राउंड पाइपों से करवाएं। उन्होंने कहा कि नगर काउंसिल के सीवरेज ट्रीटमेंट की क्षमता को भी बढ़ाया जाएगा। इस अवसर पर सीनियर कांग्रेसी नेता रूबी बडाला, मास्टर प्रेम सिंह, कुलवंत सिंह सरपंच त्रिपड़ी तथा जसबीर सिंह आदि उपस्थित थे।