आईटी सिटी में चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मी पर किया हमला, कोर्ट ने आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। आईटी सिटी थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान तीन युवकों ने एक पुलिसकर्मी से मारपीट की। उन्होंने पुलिसकर्मी की वर्दी फाड़ दी और उसकी आंखों में मिट्टी भी डाली। यह घटना 16 नवंबर की रात करीब साढ़े 11 बजे माणकपुर कल्लर के पास हुई। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने और मारपीट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान सुरिंदर सिंह, दिलप्रीत सिंह और रणजीत सिंह के रूप में हुई है। तीनों को गिरफ्तार कर मोहाली की अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। सिपाही रब्बी खान अपने साथी सिपाही अमित कुमार के साथ सरकारी वाहन पर गश्त कर रहे थे। उन्हें माणकपुर कल्लर के पास सड़क किनारे एक सफेद टाटा सफारी खड़ी मिली। वाहन में तीन युवक शराब पी रहे थे। पुलिसकर्मियों ने उनसे गाड़ी के दस्तावेज मांगे तो वे बहस करने लगे और गाली-गलौज की। शिकायतकर्ता के अनुसार जब सिपाही रब्बी खान ने युवकों को शांत रहने को कहा तो तीनों ने उस पर हमला कर दिया। उसे वर्दी से खींचकर सड़क किनारे ले गए। युवकों ने उसकी आंखों में मिट्टी डाल दी और उसकी वर्दी फाड़ दी। इस दौरान वर्दी के बटन भी टूट गए। उन्होंने पुलिसकर्मी को धक्का देकर नीचे गिरा दिया और गाड़ी भगाने की कोशिश की। साथी पुलिसकर्मी अमित कुमार ने किसी तरह रब्बी खान को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। युवकों ने अमित कुमार के साथ भी हाथापाई की।
पुलिस ने फटी हुई वर्दी और सफेद सफारी गाड़ी को कब्जे में ले लिया है। चालक के पास वाहन की आरसी भी नहीं थी। तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत मामला दर्ज किया गया है। - अमन कंबोज, एसएचओ, थाना आईटी सिटी
इससे पहले भी सात घटनाएं हो चुकी हैं 8 अप्रैल : नयागांव के विकास नगर नाके पर चेकिंग के दौरान पुलिस मुलाजिम से हाथापाई करने और वर्दी व नेम प्लेट खींचने का आरोप। 15 अप्रैल : नाके पर पुलिस टीम पर हमला, सब इंस्पेक्टर घायल। इस मामले में छह आरोपियों को किया गिरफ्तार 21 जून-सेक्टर-79 में बीच-बचाव करने पहुंचे मटौर थाने के सीनियर कांस्टेबल को अगवा कर मारपीट करने का आरोप। 25 जुलाई-बनूड़-लांडरां रोड पर पुलिस टीम पर फायरिंग और तलवारों से हमला, दो कांस्टेबल घायल। 26 अगस्त -लखनौर गांव में झगड़े की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम के साथ हाथापाई महिला कांस्टेबल की वर्दी और नेम बैज फाड़ने का आरोप। 11 अक्तूबर की रात खरड़ में पीसीआर टीम के एएसआई की वर्दी फाड़ने और मारपीट करने का आरोप दो आरोपी गिरफ्तार।