मोहाली। लखनौर पेट्रोल पंप पर मोटरसाइकिल पर आए तीन युवकों ने वहां काम करने वाले कारिंदे के साथ मारपीट की और फरार हो गए। हमलावरों की फोटो सीसीटीवी में कैद हो गई है।
हमलावर नशेड़ी थे और कारिंदे को मोटरसाइकिल में तेल की टंकी को खोलने के लिए धमका रहे थे। पुलिस मानकर चल रही है कि आरोपियों ने कोर्ट कांप्लेक्स के पास से मोटरसाइकिल चोरी की होगी। इसके बाद वह पंप पर तेल डलवाने आए, लेकिन चाबी न लगने के कारण वह कारिंदे को जबरन तेल की टंकी खोलकर तेल डालने के लिए धमका रहे थे। जब उसने तेल डालने से इन्कार किया तो उसे बुरी तरह से पीटने लगे।
हमलावर कारिंदे पर रॉड से हमला करने लगे तो अन्य साथी कर्मियों ने उसे छुड़ाया और जैसे ही पंप के मैनेजर ने पुलिस कंट्रोल रूम पर इसकी सूचना दी तो हमलावर मौके से फरार हो गए।
पंप के कारिंदे ओम प्रकाश ने बताया कि वह टायर में हवा भरने की नौकरी करता है। वीरवार पौने 2 बजे तीन युवक मोटरसाइकिल पर आए थे। वह अलग-अलग चाबियां लगाकर तेल की टंकी खोलने का प्रयास कर रहे थे। युवकों ने उसे लॉक खोलने के लिए कहा लेकिन उसने मना कर दिया और कहा कि वह मिस्त्री से जाकर खुलवा लें। इससे वे उसे मारने लगे।
सूचना मिलने के बाद पीसीआर पार्टी मौके पर पहुंची और सीसीटीवी हासिल की। पुलिस के अनुसार तीनों युवक संदिग्ध हैं और नशे में थे। पुलिस ने ओम प्रकाश के बयान दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।