तेजधार हथियारों से लैस युवकों ने बोला हमला, अनिल की आंख पर गंभीर चोट, दो नामजद, छह अज्ञात पर केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
जीरकपुर। बलटाना के वधावा नगर स्थित एक शराब ठेके के बाहर देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब कुछ युवकों ने तेजधार हथियारों से तीन लोगों पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में एक युवक की बाजू पर गहरी चोट लगी जबकि दूसरे की आंख पर गंभीर घाव हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर डिक्का और गुरदीप सिंह समेत छह अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
बैठक के बाद बाहर निकले ही हमला कर दिया
शिकायतकर्ता संदीप कुमार ने बताया कि वह 12 सितंबर की रात अपने दोस्तों यश कुमार और अनिल कुमार के साथ शराब ठेके पर बैठा था। रात करीब साढ़े 11 बजे जब वे बाहर निकले तो पास की टेबल पर बैठे दो युवकों डिक्का और गुरदीप सिंह ने अपने साथ मौजूद 5-6 अन्य युवकों के साथ उन्हें घेर लिया। संदीप के अनुसार हमलावरों के पास तेजधार हथियार थे। डिक्का ने संदीप के सिर पर वार करने की कोशिश की लेकिन संदीप ने हाथ से वार रोकने का प्रयास किया जिससे उसकी बाजू पर गहरी चोट आ गई। इस बीच यश और अनिल जब बीच-बचाव करने आए तो उनके साथ भी मारपीट की गई। अनिल की आंख पर गंभीर चोट लगी।
फरार हुए हमलावर, घायल अस्पताल में भर्ती
तीनों युवकों ने शोर मचाया लेकिन हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। इसके बाद यश कुमार ने अपनी गाड़ी से संदीप और अनिल को पंचकूला के सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने संदीप के बयान पर डिक्का, गुरदीप सिंह और छह अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।