सरकारी गवाहों व बरामद रकम समेत सबूत कोर्ट में पेश, मामला जिला अदालत में विचाराधीन
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने 15 हजार रुपये रिश्वत मामले में गिरफ्तार हुए जेई ज्ञान सिंह के खिलाफ अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत में चार्जशीट दायर की है। चार्जशीट में सरकारी गवाहों, मौके से बरामद रिश्वत की राशि और अन्य सबूत भी पेश किए गए हैं। यह मामला फिलहाल जिला अदालत में विचाराधीन है। 10 मार्च 2016 को आरोपी को विजिलेंस ने गिरफ्तार किया था।
विजिलेंस के अनुसार गांव गडियां निवासी कमलजीत सिंह ने ट्यूबवेल कनेक्शन लेने के लिए बिजली विभाग में 67 हजार 500 रुपये जमा कराए थे। रकम जमा कराने के बावजूद जेई ज्ञान सिंह ने काम नहीं किया और उन्हें दफ्तर के चक्कर कटवाता रहा। बाद में जेई ने कनेक्शन लगाने के बदले 20 हजार रुपये की मांग की। मना करने पर आखिरकार 15 हजार रुपये में सौदा तय हुआ।
विजिलेंस ने लगाया ट्रैप, पकड़ा गया रंगे हाथों
कमलजीत सिंह ने विजिलेंस विभाग को मामले की शिकायत कर दी। इंस्पेक्टर अशोक कुमार की अगुवाई में टीम गठित की गई। विजिलेंस ने ट्रैप लगाया और जब शिकायतकर्ता 15 हजार रुपये देने के लिए जेई ज्ञान सिंह के पास पहुंचा, तभी विजिलेंस टीम ने रेड कर ज्ञान सिंह को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।