जीरकपुर। ढकोली स्थित नंद स्वीट्स के सामने रविवार सुबह 15 हथियारबंद हमलावरों ने तीन युवकों पर जानलेवा हमला किया। इस वारदात में एक युवक के दोनों पैर टूट गए, दूसरे का कान कट गया और तीसरा भी गंभीर रूप से घायल हुआ। पुलिस ने नामजद आरोपियों समेत 10 से 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित जितेंद्र कुमार ने बताया कि पैसों के लेन-देन को लेकर उसका कुछ लोगों से लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोपियों ने उसे पहले भी जान से मारने की धमकी दी थी। जितेंद्र के भाई पर भी पहले हमला हुआ था, जिसकी शिकायत दर्ज हुई थी पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। रविवार सुबह जितेंद्र अपने साथियों कुलदीप और सेठी के साथ कार में जा रहा था। नंद स्वीट्स के सामने पहुंचते ही 15 हथियारबंद लोगों ने उनकी कार को घेर लिया। हमलावरों के हाथों में तेजधार हथियार और पिस्टल भी थीं। उन्होंने तीनों युवकों को कार से बाहर निकालकर बेरहमी से पीटा। इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों को धमकी और कानून-व्यवस्था पर चिंता
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ लोगों ने घटना की वीडियो बनानी शुरू की। हमलावरों ने उन्हें भी धमकाया। बदमाशों ने वीडियो बनाने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। इसके बाद लोग डर गए। स्थानीय लोगों ने दिनदहाड़े हुई इस वारदात पर कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -सतिंदर सिंह, एसएचओ, थाना ढकोली