नियमों के विपरीत निर्माण करने पर नगर परिषद ने की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
जीरकपुर। नगर परिषद की भवन शाखा ने अंबाला रोड पर एक तीन मंजिला अवैध बिल्डिंग को सील कर दिया है। यह कार्रवाई नियमों के विपरीत निर्माण करने और निर्माण संबंधी दस्तावेज पेश न करने पर की गई है। बिल्डिंग मालिक को पहले दो नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। तीसरे नोटिस के बाद बिल्डिंग को सील करने का कदम उठाया गया। यह बिल्डिंग सिल्वर सिटी सोसायटी के मुख्य बाजार में बनाई जा रही थी। बिल्डिंग मालिक कथित तौर पर नियमों के विपरीत तीसरी मंजिल का निर्माण कर रहा था। नगर परिषद ने निर्माण के लिए स्वीकृत नक्शे और अन्य जरूरी मंजूरियों से संबंधित दस्तावेज मांगे थे। बिल्डिंग मालिक चंचल भटेजा को प्लॉट संख्या 16, सिल्वर सिटी एक्सटेंशन स्थित निर्माण के संबंध में नोटिस दिए गए थे। यह कार्रवाई पंजाब नगर पालिका भवन उपनियम 1911 के नियमों के उल्लंघन के तहत हुई है।
अवैध निर्माण पर चेतावनी
नगर परिषद की भवन शाखा की निरीक्षक शिवानी बंसल ने शहरवासियों से अपील की है। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति नियमों के विपरीत भवन निर्माण न करे। अवैध निर्माण के खिलाफ नगर परिषद की ओर से सख्त कार्रवाई की जाएगी। बिल्डिंग सील करने के बाद आगामी कार्रवाई के तहत इसे गिराने पर भी विचार किया जा सकता है।