फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mohali News: तीन लुटेरों ने बाइक सवार युवक पर हथियारों से किया हमला, मोबाइल लूटा

विज्ञापन
विज्ञापन
लांडरां/बनूड़। शहर की अंबाला-तेपला की लिंक रोड पर गांव शंभू कलां के पास वीरवार की रात बाइक सवार तीन लुटेरों ने गांव शंभू कलां निवासी एक बाइक सवार युवक पर घातक हथियारों से हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और परिजनों ने उसे जीएमसीएच-32 चंडीगढ़ में भर्ती करवाया है। घायल युवक 30 वर्षीय गुरप्रीत सिंह निवासी गांव शंभू कला ने बताया कि वह चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर काम करता है। वीरवार रात अपनी बाइक से ड्यूटी खत्म करके अपने गांव शंभू कलां जा रहा था। उसके गांव से करीब आधा किलोमीटर पहले सामने से बाइक सवार तीन लुटेरे हाथों में घातक हथियार लिए आए और उसको रोक कर हमला कर दिया। पीड़ित युवक ने बताया कि इन लुटेरों ने उसके सिर पर तीन बार वार करके उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया और वह नीचे गिर गया। इसके बाद लुटेरे उसका मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। इस वारदात की सूचना जब परिजनों को मिली तो वे मौके पर पहुंचे और उसे ज्ञान सागर अस्पताल में ले गया। यहां से डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत देखते हुए चंडीगढ़ रैफर कर दिया। जानकारी के मुताबिक वीरवार दोपहर को करीब तीन बजे इसी लिंक रोड पर एक सब्जी विक्रेता से भी तीन युवक नकदी और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए थे। घायल गुरप्रीत के परिजनों ने पुलिस प्रशासन से ऐसे लुटेरों पर लगाम लगाने की मांग की है जिससे राहगीरों के साथ इस तरह की लूट की वारदात न हो। बता दें कि शंभू इलाके में बहुत से गोदाम हैं और यहां आसपास प्रवासी युवक बिना सत्यापन के मकानों में रह रहे हैं और रात के समय इन घटनाओं को अंजाम देते हैं। पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगता। पुलिस प्रशासन को गांवों में अवैध रूप से मकानों में किरायेदार रखने वाले मकान मालिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें