जीरकपुर। गांव नाभा साहिब में स्थित होली फैमिली कान्वेंट स्कूल तक जाने वाली तीन सड़कों की हालत जर्जर हो गई है। इस पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। यह गड्ढे अब दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं। बरसात के दिनों में जब इन गड्ढों में पानी भर जाता है तो वाहन चालकों को सड़क की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। इस कारण कई बार दो पहिया वाहन चालक गिरकर घायल भी हो चुके हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि स्कूल बसें रोजाना इसी सड़क से गुजरती हैं।
ऐसे में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर माता-पिता चिंतित रहते हैं। अभिभावक सुरेंद्र कुमार, किरण, सुनीता, नेहा और दीप्ति ने बताया कि जब भी वे अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने या लेने आते हैं, तो सबसे बड़ी चिंता यही होती है कि कहीं उनकी गाड़ी या स्कूटर गड्ढे में न फंस जाए या पलट न जाए। ग्रामीणों के अनुसार होली फैमिली स्कूल को जाने वाले तीनों मुख्य रास्ते हैं। इसमें हाई ग्राउंड रोड, होली फैमिली स्कूल वाला और नाभा साहिब गुरुद्वारा से पहले वाला रास्ता है। सभी के शुरुआत में ही गहरे गड्ढे बने हुए हैं। लोगों का कहना है कि नगर परिषद या पार्षदों की ओर से अभी तक इस समस्या पर कोई ध्यान नहीं दिया गया है। लोगों ने मांग की है कि बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए सड़क की मरम्मत का कार्य जल्द से जल्द शुरू कराया जाए, ताकि किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।
सभी सड़कों के एस्टीमेट बन चुके हैं। टेंडर प्रक्रिया चल रही है। जैसे ही टेंडर खुलेंगे, काम को तुरंत शुरू करवा दिया जाएगा। -जितेंद्र सिंह बैंस, एसडीओ, नगर परिषद जीरकपुर