खरड़। नजदीकी गांव टोडरमाजरा के पूर्व सरपंच और उनके बेटे सहित कुल चार लोगों के खिलाफ अपने पिटबुल कुत्तों से गाय के बछड़े को कटवाने, मौजूदा सरपंच की डंडो से पिटाई करने और इसकी वीडियो बनाने वाले व्यक्ति को गंडासी से घायल करने के आरोप में थाना सदर खरड़ में केस दर्ज किया गया। इस मामले में पंजाब विधान सभा में वरिष्ठ सहायक पद पर तैनात बलबीर सिंह की शिकायत पर गांव टोडरमाजरा के पूर्व सरपंच अमरजीत सिंह, उनके बेटे तरनजीत सिंह, प्रिंस निवासी सनेटा जोकि गांव टोडरमाजरा में अपने ननिहाल में रहता है, के अलावा गांव के ही जसमेर सिंह के खिलाफ केस दर्ज करवाया गया है।
शिकायतकर्ता बलबीर सिंह ने बताया कि बुधवार की शाम करीब सात बजे उन्हें एक बछड़े की आवाज सुनाई दी। जब वह मौके पर पहुंचे तो देखा कि प्रिंस अपने पिटबुल कुत्तों से बछड़े को कटवा रहा था और बछड़ा लहूलुहान हालत में जमीन पर तड़प रहा था। उसने इस हरकत की वीडियो बनाकर मौजूदा सरपंच सर्बजीत सिंह को भेज कर मौके पर बुलाया। जब सरपंच सर्बजीत सिंह मौके पर पहुंचे और इस हरकत के लिए मना किया तो पूर्व सरपंच अमरजीत सिंह, उसके बेटे तरनजीत सिंह, प्रिंस और जसमेर सिंह ने बलबीर सिंह को पीटना शुरू कर दिया। जब सर्बजीत सिंह उसे छुड़ाने आया तो उन्होंने उसे भी डंडो से पीटा। तभी शोर सुनकर गांव के लोग जमा हो गए और गांव निवासी राजदीप सिंह ने उन्हें छुड़ाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने राजदीप के सिर पर गंडासी से हमला कर उसे घायल कर दिया और इसके बाद सभी मौके से फरार हो गए। इसके बाद सभी घायलों को सरकारी अस्पताल खरड़ में भर्ती करवाया गया। यहां राजदीप सिंह के सिर पर 16 टांके आए हैं।
इसके बाद मौजूदा सरपंच सर्बजीत सिंह और अन्य पीड़ितों ने सनेटा पुलिस में एसएसआई जसपाल सिंह को मामले की शिकायत दी। सरपंच ने पुलिस पर आरोप लगाया कि रात ढाई बजे गांव वालों की ओर से सनेटा पुलिस चौकी के बाहर नारेबाजी करने के बाद पुलिस ने हमलावरों पर हल्की धाराओं में केस दर्ज किया है। इस कारण हमलावरों को सुबह जमानत मिल गई। इस मामले में मौजूदा सरपंच सर्बजीत सिंह ने कहा कि आरोपी परिवार गाय पालन करता है, लेकिन जब किसी गाय को बछड़ा होता है तो वह उसे इसी तरह मार देते हैं। इसको लेकर सभी गांववाले इस परिवार का विरोध करते हैं।
51 वर्षीय बलबीर सिंह की पगड़ी उतारी, केस पकड़ कर घसीटा
51 वर्षीय बलबीर सिंह ने आरोप लगाया कि वह गुरसिख है। हमलावरों ने उसकी पगड़ी उतार दी थी और उसके केश पकड़ कर घसीटा था। उन्होंने हमलावरों पर धार्मिक चिन्हों की बेअदबी करने का आरोप लगाया है, लेकिन पुलिस ने उनके खिलाफ इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। वहीं मौजूदा सरपंच सर्बजीत सिंह ने कहा कि अगर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की तो वह शुक्रवार को गांववालों के साथ यातायात जाम करके प्रदर्शन करेंगे।