मोहाली। फेज-1 में दुकान पर काम करने वाले साथी कर्मी ने तीन लोगों के साथ मिलकर साथी कर्मी पर हमला कर दिया। इस हमले में उसके सिर पर गहरी चोट आई है। घायल के बेटे और पत्नी ने उसे फेज-6 के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया है। यहां पर उसके सिर में पांच टांके लगे हैं। उसके कहने पर डॉक्टर ने पुलिस को सूचित कर दिया है। घायल राधेश्याम वासी फेज-1 ने बताया कि वह हार्डवेयर की दुकान में काम करता है और यहीं पर उसका पड़ोसी भी काम करता है। जो दो दिन से दुकान पर काम करने के लिए नहीं जा रहा था। वीरवार को जब राधेश्याम दुकान पर जाने के लिए घर से निकल रहा था तो उसका साथी कर्मी उसे रोककर पूछने लगा कि मालिक उसके बारे में क्या बोल रहा था। इस पर उसने कहा कि वह खुद मालिक से ही जाकर बात करे। यह सुनकर वह उस पर भड़क गया और गाली-गलौज करने लगा। इस पर उसने भी उसे गाली दे दी। बाद में मकान मालिक ने बीच में आकर दोनों का झगड़ा खत्म करवाया।
इसके बाद रात करीब 8 बजे जब राधेश्याम काम से घर लौटा हाथ पैर धोकर बाथरूम से बाहर निकला तो वहां उसका साथी कर्मी तीन लोगों के साथ सामने खड़ा था। उन्होंने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और उसके साथ के लोगों ने मुंह पर मास्क पहना हुआ था। इसके बाद वह उसका सिर दीवार पर मारकर वहां से भाग निकले। इससे उसके सिर से काफी खून बहने लगा। इसके बाद बेटा और पत्नी उसको अस्पताल ले गए।