मोहाली। पुलिस ने शहर में लूटपाट करने वाले गिरोह के तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक आरोपी नाबालिग और दो सगे भाई हैं। इनकी पहचान गांव गोबिंदगढ़ निवासी दोनों सगे भाई आकाश मेहरा और विशाल मेहरा के रूप में हुई है। दोनों को पहले से पकड़े गए नाबालिग की निशानदेही पर गिरफ्तार किया गया है।
डीएसपी सिटी-2 हरसिमरन सिंह बल ने बताया कि लूटपाट व चोरी की वारदातों में शामिल लोगों के खिलाफ पुलिस के अभियान के तहत एरोसिटी थाना प्रभारी और एसआई राकेश कुमार के नेतृत्व में एक टीम ने इलाके की नाकाबंदी की हुई थी। तभी सूचना पर लूटपाट करने वाले एक नाबालिग को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने जब नाबालिग से पूछताछ की तो उसने अपने दो साथी बदमाश आकाश मेहरा और विशाल मेहरा के नाम बताए। उसने का कि इन दोनों के साथ मिलकर 23 फरवरी को शाम करीब सात बजे सेक्टर 82 के पास सेक्टर 66बी निवासी राम रतन का मोबाइल फोन छीना था। पुलिस ने लूटा गया मोबाइल फोन और बाइक भी बरामद कर ली है।
पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश कर रिमांड पर ले लिया है। आरोपी आकाश के खिलाफ राजपुरा थाने में चोरी का और विशाल के खिलाफ सोहाना थाने में छीनाझपटी का केस दर्ज है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एरोसिटी थाने में केस दर्ज कर लिया गया है।