संवाद न्यूज एजेंसी
जीरकपुर। गाजीपुर रोड पर दिनदहाड़े एक बिल्डर को तीन नकाबपोश युवकों ने मारपीट कर घायल कर दिया और उसका आईफोन छीनकर फरार हो गए। इसके बाद घायल बिल्डर को पास की एक सोसाइटी के सुरक्षाकर्मी और उसके दोस्त ने जीरकपुर के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। यहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने मोहाली के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया है। घायल बिल्डर अभी बयान दर्ज करवाने के हालत में नहीं है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
घायल बिल्डर संदीप वालिया के दोस्त बीके शर्मा ने बताया कि उसके दोस्त संदीप वालिया पिछले करीब छह महीने से यहां कोठियां बनाने का काम कर रहे हैं।सोमवार को दोपहर करीब ढाई बजे संदीप वालिया अपनी साइट से चंडीगढ़ वापस जा रहे थे तो गाजीपुर गांव की ओर से एक बाइक पर तीन नकाबपोश युवक आए और उनकी कार को घेरकर रोक लिया। इसके बाद संदीप वालिया को कार से नीचे उतारकर उससे जितने पैसे हैं देने को कहा। जब उन्होंने विरोध किया तो हमलावर युवकों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान पास की एक सोसाइटी के सुरक्षाकर्मी ने उन्हें बचाने कि कोशिश की तो नकाबपोश युवक संदीप वालिया का आईफोन-14 छीनकर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल संदीप को उन्होंने सुरक्षाकर्मी की मदद से जीरकपुर के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया। उन्होंने बताया कि संदीप के मुंह और शरीर पर कई जगह काफी चोटें आई हैं। डॉक्टरों ने उनको जीरकपुर से मोहाली के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया है। उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस के 100 नंबर पर दर्ज करवा दी थी।