मोहाली। मोहाली। राजपुरा के पास भाखड़ा नहर में तीन सगे भाई-बहनों की डूबने से मौत हो गई। इस मामले में मंगलवार देर शाम एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया। गांव मौजपुर के लोगों का 52 घंटे चला धरना समाप्त हो गया।
पुलिस ने मृतक बच्चों के माता-पिता को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने उनका एक दिन का पुलिस रिमांड मंजूर किया है। गांव मौजपुर के हरप्रभजोत सिंह और जसविंदर कौर पर आरोप है कि उन्होंने रविवार को अपने तीन बच्चों को नहर में फेंक दिया था। राहगीरों ने दंपती को बचा लिया, पर बच्चे डूब गए।
ग्रामीणों का धरना और कार्रवाई
घटना के बाद पुलिस ने पहले बच्चों के दादा-दादी पर मामला दर्ज किया था। इससे नाराज ग्रामीणों ने सोमवार दोपहर से धरना शुरू कर दिया। वे माता-पिता के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग कर रहे थे। पुलिस अधिकारियों से बातचीत के बाद माता-पिता पर हत्या का केस दर्ज हुआ। उनकी गिरफ्तारी के बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त किया।