मोहाली। शहर में मोटरसाइकिल चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह के तीन गुर्गों को मोहाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों से अलग-अलग वारदातों में चोरी किए 18 बाइक बरामद की हैं। आरोपियों ने एक गैंग बनाया हुआ है। बाकी साथियों की तलाश में पुलिस छापा मार रही है। आरोपी अजय निवासी रायपुर जिला मोहाली, संदीप निवासी कलित्रा थाना नंगल और वकार उर्फ सलमान निवासी रायपुर हैं। आरोपियों के खिलाफ थाना फेज-1 में मामला दर्ज किया गया था। रिमांड के दौरान तीनों आरोपियों से पुलिस ने बाइकों की बरामदगी की। पहले पुलिस ने संदीप और वकार उर्फ सलमान को गिरफ्तार किया था।
डीएसपी सिटी-1 पृथ्वी सिंह चौहान ने बताया कि 12 सितंबर को गांव त्यूड के रहने वाले हरमनप्रीत सिंह ने पुलिस को शिकायत दी थी कि वह अपने बाइक पर फेज-5 आया था। उसने अपनी बाइक गुरुद्वारा साहिब के पास खड़ी की थी। जब वह काम खत्म करके दोबारा आया तो उसकी बाइक चोरी हो गई थी। हरमनप्रीत सिंह की शिकायत पर पुलिस ने फेज-1 थाने में मामला दर्ज किया था। मामले को ट्रेस कर पुलिस ने आरोपी अजय कुमार को नाकाबंदी के दौरान चोरी की बाइक के साथ हिरासत में लिया था। पुलिस ने शक के आधार पर उनसे पूछताछ की तो उन्होंने माना कि वह बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देता है। पुलिस ने आरोपी अजय को उक्त मामले में नामजद कर उसे कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस रिमांड दौरान आरोपी अजय ने बताया कि वह अपने साथी संदीप और वकार उर्फ सलमान के साथ मिलकर शहर में अलग-अलग जगह से बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुका है।