मोहाली। जिला ट्रांसपोर्ट विभाग में लोगों से काम करवाने के बदले मोटी रकम वसूलने वाले एजेंटों को गिरफ्तार करने का मामला ठंडा भी नहीं पड़ा कि विभाग के टेस्ट ड्राइविंग स्कूल से जुड़े तीन मुलाजिमों को सस्पेंड किया गया है। इन मुलाजिमों में स्टेनोग्राफर कमलजीत सिंह, क्लर्क कुलदीप सिंह और गुरमेल सिंह शामिल हैं। आरटीए सुखविंदर सिंह ने बताया कि विभाग के मुख्य कार्यालय में तीन लोगों की शिकायत गई थी। इसके बाद ही यह कार्रवाई की गई।
जिला प्रशासन के पास आरटीए दफ्तर संबंधी शिकायतें आ रही थीं। लोगों का आरोप था कि आरटीए दफ्तर व सेक्टर-82 डाइविंग ट्रैक में काम करवाने के बदले लोगों से एजेंट मोटी रकम वसूलते हैं, लेकिन इसके बाद वह काम न करवाकर लोगों को परेशान करते हैं। एसडीएम जगदीप सिंह सहगल व डीएसपी की अगुवाई में टीम बनाई गई। टीम ने तरनजीत सिंह , मनीश कुमार, हरजिंदर सिह व यशपाल शर्मा को गिरफ्तार किया था। इनके पास से सौ के करीब आरसी व लाइसेंस बरामद हुए थे। पुलिस ने उन पर धोखाधड़ी समेत कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया था। आरोपी रविवार तक रिमांड पर चल रहे हैं।
एजेंटों ने पूछताछ में पुलिस को बताया था कि वहां पर तैनात मुलाजिमों के सहारे वह अपना कारोबार चलाते थे। दो महिला समेत दस मुलाजिमों के वह संपर्क में थे। एजेंटों की यहां तक दलील थी थी कि वहां से प्रत्येक एजेंट दिन में एक लाख रुपये का कारोबार करके जाता है।