मोहाली। जिले में कोरोना संक्रमण से मंगलवार को जहां तीन लोगों की मौत हो गई, वहीं 263 नए संक्रमित मिले हैं। इसके साथ ही जिले में कोरोना के सक्रिय मरीजों का आंकड़ा पच्चीस सौ पार कर अब 2561 पर पहुंच गया है, जो कि प्रशासन के लिए चिंता का विषय है। वहीं, प्रशासन की ओर से जहां जिले में कोरोना की रोकथाम के लिए टीकाकरण मुहिम चलाई जा रही है। लोगों को इस महामारी से बचने के लिए जागरूक किया जा रहा है। डीसी गिरीश दियालन ने लोगों को हिदायत दी है कि वह कोरोना दिशानिर्देशों का पालन करें। प्रशासन की ओर से नियम तोड़ने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
24 घंटे में जो तीन लोगों की मौत हुई है, प्रशासन की ओर से उनके बारे में जानकारी साझा नहीं की गई। वही, को कोरोना संक्रमण के नए मामले आए है उनमें सबसे अधिक मोहाली शहर के 205 मामले हैं, जबकि बनूड़ में सात, डेराबस्सी में सात, ढकोली में 38, घडुआं में तीन, खरड़ में तीन संक्रमित पाए गए हैं। इसके साथ ही 115 लोग कोरोना को मात देकर तंदुरुस्त हुए हैं। प्रशासन ने लोगों को हिदायत दी है कि जिसे भी लगता है कि वह संक्रमित हो सकता है, वह अपना तुरंत कोरोना संबंधी टेस्ट करवाएं। जिससे टेस्ट रिपोर्ट आने के बाद संक्रमण केे बढ़ने से पहले समय रहते उनका इलाज शुरू करवाया जा सके। वहीं, लोगों को सलाह दी गई है कि सेहत संबंधी किसी भी तरह की परेशानी आने पर वह सेहत विभाग की हेल्पलाइन नंबर-104 पर संपर्क कर सकते है। यह नंबर पूरी तरह से टोल फ्री है, जो कि 24 घंटे सातों दिन चलता है। बता देें कि जिले में कोरोना के अब तक 24182 केस सामने आ चुके हैं। इनमें से 21207 लोग तंदुरुस्त हो चुके हैं, जबकि 414 लोगों की मौत हो चुकी है।