खरड़। सिटी पुलिस ने क्षेत्र में लूट और चोरी की वारदात करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर एक युवती समेत तीन लुटेरों को काबू किया है। यह चोरी के एक्टिवा पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर वारदातों को अंजाम देते थे। आरोपियों से नकली एयर गन, 13 मोबाइल, एक्टिवा स्कूल बरामद हुए हैं। आरोपियों की पहचान राजिंदर सिंह निवासी (खन्ना), किरणदीप निवासी बहादुरगढ़ (पटियाला), गीतांजलि निवासी सरु (चम्बा) के रूप में हुई है। आरोपियों का मुख्य सरगना अभी फरार है। थाना सिटी खरड़ के प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने कहा कि आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। उन्होंने बताया कि आरोपी नकली गन से राहगीरों को डरा धमकाकर मोबाइल फोन छीन लेते थे। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पते के आधार पर संबंधित पुलिस थानों से वेरिफाई किया जा रहा है कि उनके खिलाफ संबंधित थानों में कोई मामला दर्ज है या नहीं। उन्होंने कहा कि आरोपियों से पूछताछ के दौरान और भी कई खुलासे होने की उम्मीद है।