जीरकपुर। बलटाना के शिवा एन्क्लेव में स्थित प्राचीन शिव मंदिर में देर रात चोरों ने साढ़े तीन किलो चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। चोर शिवलिंग पर से चांदी का शेषनाग और चांदी की परिधि चोरी करके ले गए। यह वारदात सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई। चोर टैक्सी नंबर की सफेद रंग की गाड़ी में सवार होकर आए थे। वह संख्या में चार से पांच के करीब नजर आ रहे हैं। अज्ञात चोरों ने यह वारदात शुक्रवार देर रात करीब 1:30 से 2 बजे के आसपास अंजाम की है। प्राचीन शिव मंदिर के प्रधान डॉक्टर सतबीर सिंह लाठड़ ने बताया कि करीब साढ़े तीन किलो की चांदी चोरी हुई है। उन्होंने बताया की मंदिर का साइड वाले दरवाजे का ताला तोड़कर चोर मंदिर में दाखिल हुए। उन्होंने कहा कि नंदी महाराज का एक कान चोरों के द्वारा तोड़ दिया गया यह पूरी तरह से बेअदबी भी की गई है। नगर परिषद जीरकपुर के पूर्व प्रधान और प्राचीन शिव मंदिर बलटाना के वाइस चेयरमैन कुलविंदर सोही ने भी इस घटना को बेअदबी का मामला बताया और इसको साजिश भी करार दिया है और इस चोरी की वारदात पर अपना रोष जताया है। इसके साथ ही स्थानीय पुलिस से अपील भी की है जल्द ही चोरों को गिरफ्तार किया जाए।
वहीं वार्ड नंबर 5 की पूर्व पार्षद मनीषा मलिक ने भी मंदिर में हुई चोरी की घटना पर रोष जताया और कहा कि चोर अब मंदिर जैसी धार्मिक स्थल को भी नही छोड़ते। उन्होंने कहा की यह बेअदबी भी हुई है क्योंकि चोरों ने नंदी महाराज का एक कान तोड़ा दिया जिसके कारण मूर्ति खंडित हो चुकी है। मनीषा मलिक ने स्थानीय पुलिस से अपील करते हुए कहा की चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले चोरों की तलाश की जाए।चोरी की घटना की सूचना मिलने के बाद बलटाना पुलिस चौकी इंचार्ज अजय कुमार मौके पर पहुंचे और सीसीटीवी कैमरे की जांच की ओर मंदिर के पुजारी और अन्य पदाधिकारियों से बात की। इस दौरान इंचार्ज अजय कुमार ने कहा की टैक्सी नंबर की गाड़ी सीसीटीवी फुटेज में नजर आ रही है। जल्द ही चोर पुलिस की गिरफ्त में होंगे।