नयागांव। न्यू चंडीगढ़ निहंग बाना पहने और चेहरे ढके हुए तीन युवकों ने कृपाण से हमला कर कार सवार चार लोगों से मोबाइल छीन लिया। कार सवार अमृतपाल सिंह की शिकायत पर मुल्लांपुर थाना पुलिस ने तीन आरोपी युवकों के खिलाफ बीएनएस की धारा 109, 311, 3 (5) के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जहां से उनका दो दिन का पुलिस रिमांड मिला है।
एसएचओ अमनदीप तरिका ने बताया गांव भागोवाल गुरदासपुर निवासी अमृतपाल सिंह सनी एन्क्लेव खरड़ में प्रॉपर्टी डीलर का काम करता है। अमृतपाल सिंह दोनों दोस्त नीतिश कुमार और रतिक कुमार और मंगेतर रूहानी शर्मा के साथ कार में किसी काम से निकले थे। 6 जुलाई को दोपहर 12:40 बजे सनटेक सिटी पलहेरी से करीब मोटरसाइकिल (पीबी-27बी1739) पर आए और मोटरसाइकिल अमृतपाल सिंह की कार के आगे लगा दी। अमृतपाल सिंह ने कार रोकी तो तीनों कार की खिड़की के पास आए और कृपाण निकाल धमकियां देने लगे।
उन्होंने कहा कि कार की चाबी दे दो और नीचे उतर जाओ, नहीं तो सभी को मार देंगे। इस दौरान एक निहंग ने उनका फोन छीन लिया। वह डर के मारे कार से बाहर निकल गाए। एक आरोपी ने नीतिश पर कृपाण से प्रहार किया। कृपाण नीतिश के सिर पर लगी और वह नीचे गिर गया। संयोग से उस दौरान एक राहगीर गाड़ी में आ गया, जिसे देखकर तीनों फोन लेकर वहां से भाग गए। अमृतपाल सिंह की शिकायत पर मुल्लांपुर थाना पुलिस ने तीनों आरोपी बलविंदर सिंह, सतनाम सिंह और अकाल सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया।