खरड़/नयागांव। चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में छात्राओं के अश्लील वीडियो बनाने और वायरल करने के मामले में गिरफ्तार चारों आरोपियों को पांच दिन का रिमांड खत्म होने पर शनिवार को अदालत में पेश किया गया। मुुख्य आरोपी फौजी संजीव कुमार का दो दिन का पुलिस रिमांड और बढ़ा दिया गया है। जबकि आरोपी छात्रा, उसके दोस्त सन्नी और रंकज वर्मा को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
शनिवार को बाद दोपहर आरोपियों को पुलिस ने अदालत में पेश करके तीन का पुलिस रिमांड मांगा। इसका आरोपी छात्रा, सन्नी और रंकज के वकीलों ने विरोध किया। वकीलों ने दलील दी थी कि आरोपियों से काफी लंबे समय तक पूछताछ हो चुकी है। अभी पुलिस ने आरोपियों से कुछ बरामद भी नहीं करना है। ऐसे में पुलिस रिमांड की कोई जरूरत नहीं है। इसके बाद अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलों को सुनकर आरोपी फौजी संजीव कुमार को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है बाकी तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
बता दें कि चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में 17 सितंबर को यह मामला सामने आया था। इसके बाद रात को काफी बवाल हुआ था। विद्यार्थियों ने हाईवे तक जाम किया था। पुलिस ने आरोपी छात्रा को यूनिवर्सिटी से और अन्य दो आरोपियों को शिमला से काबू किया था। जबकि उनसे पूछताछ के बाद चौथे आरोपी फौजी को अरुणाचल प्रदेश से काबू किया गया था।