हिंदूवादी नेता एवं शिवसेना हिंद के राष्ट्रीय प्रधान निशांत शर्मा को जान से मारने की धमकी दी गई है। उनका आरोप है कि फोन करने वाले ने खुद को गैंगस्टर सुखप्रीत बुड्ढा का भाई बताते हुए फोन पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। फोन करने वाले ने कहा कि ‘मेरे भाई को गिरफ्तार करवाकर तुमने ठीक नहीं किया’। निशांत शर्मा ने पुलिस को शिकायत देते हुए कॉल की रिकॉर्डिंग भी सौंपी है। साथ ही आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की है। शिकायत के बाद पुलिस हरकत में आ गई है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया गया है कि धमकी भरी कॉल मंगलवार देर शाम निशांत शर्मा के मोबाइल पर आई। फोन करने वाले ने सारी बातें पंजाबी में कीं। सबसे पहले पूछा कि क्या मेरी बात निशांत शर्मा से हो रही है। जवाब हां में मिलने पर कहा कि ‘मैं गैंगस्टर सुखप्रीत सिंह बुड्ढा का भाई बोल रहा हूं। तुमने सुखप्रीत सिंह बुड्ढा के साथ बहुत गलत किया है। इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।’
इस पर निशांत शर्मा ने कहा कि उन्होंने क्या किया है तो उसने कहा कि ‘तुमने गैंगस्टर सुखप्रीत को पुलिस से पकड़वा कर गलती की है।’ यह सुनकर निशांत ने कहा कि उसे पुलिस ने पकड़ा है, मैंने नहीं पकड़वाया। इसके बाद कॉल करने वाले ने कहा कि ‘इस तरह की लड़ाई महीना-दो महीने नहीं चलती है बल्कि पूरी जिंदगी चलती है। अब तुमने उनके साथ पंगा ले लिया है, जिसके नतीजे ठीक नहीं होंगे।’
बता दें कि इससे पहले भी एक बार गैंगस्टर सुखप्रीत बुड्ढा ने भी निशांत को जाने से मारने की फोन पर धमकी दी थी। इसके बाद खरड़ में निशांत शर्मा की शिकायत पर गैंगस्टर सुखप्रीत सिंह बुड्ढा पर केस दर्ज हुआ था। उसके कुछ समय बाद गैंगस्टर सुखप्रीत सिंह बुड्ढा रोमानिया में पकड़ा गया था। इसके बाद अब यह मामला सामने अया है।
कहा- तेरे शहर में ही घूम रहे हैं, जल्द मारेंगे गोलियां
फोन करने वाले ने निशांत शर्मा को जाने से मारने की धमकी देते हुए कहा कि ‘हम तेरे शहर में ही घूम रहे हैं। अब तुम्हारी बारी आ गई है और जल्द ही तुम्हें गोलियां मारेंगे।’ इस पर निशांत शर्मा ने कहा कि वह ऐसी धमकियों से डरने वाले नहीं हैं।