मोहाली। फेज-7 में 22 फरवरी को एक मनी एक्सचेंज शॉप का पिछला दरवाजा तोड़ चोर यूएसए, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा के डॉलर और दुबई के दिरहम चोरी करके ले गया था। अब सीआईए स्टॉफ पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पहचान 30 साल के अंकुर वैद निवासी सेक्टर-39सी चंडीगढ़ के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ सुखदेव सिंह के बयान पर थाना मटौर में बीएनएस की धारा 331(3), 305, 317(2) के तहत मामला दर्ज किया था। आरोपी से विदेशी करंसी और इंडियन करंसी बरामद कर ली है। आरोपी 12वीं पास है और शादीशुदा है।
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह एक साल से बेरोजगार है और नशे का आदी है। कहीं नौकरी नहीं मिली थी तो नशे की लत पूरी करने के लिए वह चोरी करने लगा। उसने बताया कि फेज-7 में मनी एक्सचेंज की दुकान में चोरी करने से पहले एक दिन पहले बहाने से दुकान में गया और वहां रेकी की थी। अगले दिन चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
चंडीगढ़ सेक्टर-42बी निवासी सुखदेव सिंह ने पुलिस को शिकायत दी कि फेज-7 में एचडीएफसी के ऊपर जोत ट्रैवल व स्टार ट्रैक कंप्यूटर की दुकान है। दुकान पर बलविंदर कौर निवासी फेज-11 भी काम करती है। वह एयर टिकट, रेलवे टिकट और बस टिकट बुक करने व कंप्यूटर रिपेयर का काम करता है। उसके पास वेस्टर्न यूनियन, मनीग्राम, ट्रांसफार्मर व रिया की भी एजेंसी है। जब भी कोई व्यक्ति उसके पास एयर टिकट बुक करवाता था तो वह उन्हें इंडियन व विदेशी करंसी देते थे। उसके पास दुबई के 20 हजार दिरहम, यूएसए के 2500 डॉलर, ऑस्ट्रेलिया के 5 हजार डॉलर व कनाडा के 2 हजार डॉलर व कुछ अन्य करेंसी एक बैग में दफ्तर के दराज में रखी थी। 21 फरवरी को सुबह 7 बजे वह दुकान खोलकर धूप बत्ती के बाद दफ्तर को ताला लगाकर गुरुद्वारा श्री सिंह शहीदां माथा टेकने चला गया। करीब 9 बजे उसे वर्कर बलविंदर कौर का फोन आया कि दफ्तर का पिछला दरवाजा खुला पड़ा है। वह तुरंत पहुंचा देखा दरवाजा टूटा था और दराज में रखी विदेशी करेंसी गायब थी। सीसीटीवी कैमरा चेक किया तो देखा कि एक युवक चोरी करता नजर आ रहा है। उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने जांच के बाद केस दर्ज कर लिया था।