मोहाली। मटौर स्थित प्राचीन श्री सत्य नारायण मंदिर में आयोजित श्री महाशिव पुराण कथा में भारी संख्या में श्रद्धालु उमड़ रहे हैं। कथा व्यास पंडित किशोर शास्त्री ने शनिवार को भगवान शिव, माता पार्वती और गणेश की कथा सुनाकर श्रद्धालुओं को सराबोर कर दिया। कथा के दौरान पंडित किशोर शास्त्री ने जीवन में प्रभु से जुड़ाव और मोक्ष प्राप्ति के लिए सच्चे मन से संकीर्तन करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भगवान कभी भी आडंबरों से प्रसन्न नहीं होते, उन्हें केवल अपने भक्तों के प्रेम की आवश्यकता होती है। अगर भक्त सच्चे मन से प्रभु का संकीर्तन करता है, तो उसे मोक्ष की प्राप्ति होना निश्चित है। इस अवसर पर मंदिर कमेटी के प्रधान और उनकी समर्पित टीम के साथ महिला संकीर्तन मंडली ने भी आयोजन में सक्रिय भागीदारी निभाई। कथा के अंत में श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया।