मोहाली। बरसात के दिनों में रात को लोगों के घरों में पानी भरने से उन्हें रातें जागकर न गुजारनी पड़ें और रोड-गलियों में जलभराव के कारण लोगों को दिक्कत का सामना न करना पड़े। इसके लिए नगर निगम अभी से पूरी तैयारी से जुट गया है। इस दौरान एन चो की सफाई से लेकर इलाके की रोड गलियों तक को साफ करवाया जा रहा है। इस काम के लिए अधिकारियों की ड्यूटियां लगाई गई हैं। वहीं, मेयर अमरजीत सिंह जीती सिद्धू निगम अधिकारियों को साथ लेकर खुद इलाकों में जाकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। उनका साफ कहना है कि इस बार किसी भी एरिया में दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को साफ हिदायत दी है कि इस मामले को गंभीरता से लिया जाए।
82 लाख रुपये से सुधरेंगी नए सेक्टरों की रोड-गलियां
जानकारी के मुुताबिक गमाडा से नगर निगम के अधीन आए सेक्टर -76, 77, 77, 79 और 80 में नगर निगम की तरफ से रोड गलियों की सफाई के साथ मरम्मत का काम करवाया जा रहा है। इस प्रोजेक्ट पर 82 लाख रुपये की लागत आएगी। मेयर ने खुद इस प्रोजेक्ट का काम शुरू करवाया है। इस मौके पर उनके साथ सीनियर डिप्टी मेयर अमरीक सिंह सोमल और डिप्टी मेयर कुलजीत सिंह बेदी भी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि उक्त सभी सेक्टरों का पूरा बुनियादी काम गमाडा से नगर निगम के अधीन आ गया है। यहीं वजह है कि इस काम पर लाखों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इस मौके पर इलाके के पार्षद सुच्चा सिंह कलोड़, कमजीत सिंह बन्नी, हरजीत सिंह बैदवान और कुलजिंदर कौर के अलावा अन्य पार्षद और निगम अधिकारी मौजूद थे।
सेक्टर-67 और 68 की रोड गलियां 33 लाख से सुधरेंगी
सेक्टर-67-68 की रोड-गलियों का काम काम शुरू करवाया गया है। यह काम 33 लाख रुपये की लागत से पूरा होगा। उक्त इलाका पहले गमाडा के अधीन था। नगर निगम यहां पर काम की क्वालिटी पर पूरा फोकस कर रहा है। मेयर ने कहा कि लोगों द्वारा दिए जाने वाले सुझावोें पर अमल किया जाएगा। लोगों को किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं आने दी जाएगी।
13 लाख से होगी एन चो की सफाई
नगर निगम की तरफ से 13 लाख रुपये की लागत से एन चो की सफाई करवाई जा रही है। यह काम फेज-9 से शुरू किया गया था। एन चो की सफाई होने से जहां बरसाती पानी आसानी से इलाके से निकल जाएगा। वहीं, लोगों के घरों में भी पानी नहीं भरेगा। इस दौरान एच चो के अंदर उगी जंगली घास को साफ किया जा रहा है। एन चो मोहाली नेचर पार्क से होकर लांडरां तक के इलाके में जाता है।
फेज-5 की समस्या का पक्का हल करने की चल रही तैयारी
फेज-5 के इलाके में कई साल से तेज बारिश होने पर जलभराव की दिक्कत आती है। यह मामला चुनावी मुद्दा तक बना। पैक और आईआईटी मुंबई की टीम ने समस्या के हल की दिशा में भी किया था। स्टडी तक हुई, काम भी हुआ। लेकिन भी समस्या का हल नहीं हुआ। अब नगर निगम इस समस्या के स्थायी हल की दिशा में काम कर रहा है। योजना है कि इस एरिया का पानी बलौंगी स्थित पटियाला की राव नदी से जोड़ा जाएगा।