मोहाली। सेक्टर-86 में एक दुकानदार का मोबाइल झपटकर भागे दो झपटमारों को दुकानदार ने खुद ही पीछा करके दबोच लिया। दोनों युवक मोबाइल छीनकर भागे तो दुकानदार ने उनकी बाइक को धक्का दे दिया और दोनों झपटमार नीचे गिर गए। इसके बाद दुकानदार ने दोनों को पकड़कर लोगों की मदद से पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी झपटमारों की पहचान अनिस अली और तालिफ अली के रूप में हुई है, दोनों यूपी के रहने वाले हैं। दोनों के खिलाफ सोहाना थाने में बीएनएस की धारा 303(2), 3(5) के तहत केस दर्ज किया गया है। इसके बाद दोनों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड ले लिया गया है।
शिकायतकर्ता दुकानदार मनोज निवासी सेक्टर-86 ने बताया कि वह जूस की रेहड़ी लगाता है। शनिवार की रात वह अपनी रेहड़ी पर था, उसी दौरान दो बाइक सवार उसके पास आए। एक युवक ने उसका फोन छीना और भागकर बाइक पर चढ़ गया। उसने उनका पीछा किया और चलती बाइक को धक्का दे दिया। दोनों झपटमार नीचे गिर गए जिनमें एक युवक घायल हो गया। उसने लोगों की मदद से उन्हें पकड़ा और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उन पर मामला दर्ज कर लिया।