मोहाली। ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन ना हो इसके लिए शहर में सिटी सर्विलांस और इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम के काम के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। इन कैमरों की मदद से यातायात नियमों को तोडऩे वालों के ऑनलाइन ई-चालान किए जाने थे लेकिन इनके शुरू होने से पहले ही चोरों ने इंस्टॉल किए कैमरों से यूपीएस और बैटरियां चोरी कर ली। एक नहीं दो नहीं बल्कि 6 जंक्शनों (लोकेशनों)पर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया गया है जबकि कुल 10 जंक्शनों पर कैमरे इंस्टॉल किए गए थे। इस मामले में सीसीटीवी कैमरे इंस्टॉल करने वाली यूपी (गाजियाबाद) की एमएस टेक्नोसिस इंटीग्रेटेड सॉल्युशन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के सहायक प्रबंधक अंबुज सिंह के बयान पर अज्ञात चोरों के खिलाफ सोहाना थाने में बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। चोरों की तलाश जारी है।
सहायक प्रबंधक अंबुज सिंह ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि मोहाली शहर में सिटी सर्विलांस और इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम के काम के लिए उनकी कंपनी सीसीटीवी कैमरे इंस्टॉल कर रही है। पंजाब पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन को सिटी सर्विलांस और इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट की एसआईटीसी का काम आवंटित किया गया है। इनका कमांड और कंट्रोल सेंटर पुलिस स्टेशन बिल्डिंग सोहना की तीसरी मंजिल पर स्थापित किया गया है। उन्होंने बताया कि कंपनी ने शहर में 10 जंक्शनों पर काम पूरा कर लिया है, जिन्हें शीघ्र ही चालू किया जाना था, लेकिन 10 अक्टूबर 2024 को यह देखा गया है कि मौजूदा जंक्शन बक्सों में सामान गायब हैं। जब जांच की गई तो सामान चोरी था क्योंकि साइट पर जंक्शन बॉक्स के ताले टूटे हुए मिले थे। उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस को दी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।
इन जंक्शनों से चोरी हुआ सामान
-मैक्स हॉस्पिटल जंक्शन पर 65एएच बैटरियां
-टीडीआई गिल्को एसवीडी लोकेशन से 1 केवीए यूपीएस व 65 एएच बैटरियां
-चीमा बॉयलर जंक्शन से 1 केवीए यूपीएस और 65एएच बैटरियां
-अजीत समाचार जंक्शन से 1 केवीए यूपीएस और 65एएच बैटरियां, 8 पोर्ट स्विच, एसएफपीएस
-3/5 लाइट प्वाइंट जंक्शन से 1केवीए यूपीएस, 65एएच बैटरियां
-माइक्रो टावर जंक्शन से 2केवीए यूपीएस, 65एएच बैटरियां, पोर्ट स्विच, एसएफपीएस चोरी हुए हैं।